Friday, October 23rd, 2026

 लाचार पिता ने कुछ इस तरह से ढोईं बच्चों की लाशें

भागलपुर
 बिहार के कटिहार जिले की तस्वीर है जहां एक बेटे के शव को लेकर थाना जाते लाचार पिता की तस्वीर है तो दूसरी ओर यूपी के प्रयागराज की तस्वीर सामने आती है जहां निजी अस्पताल में इलाज के रुपये जमा नहीं करने पर बच्चे के ऑपरेशन के दौरान चीरे हुए पेट पर टांका लगाए बिना ही उसे घर भेज दिया गया। जहां बाद में बच्चे की मौत हो गई। हालांकि यूपी मामले में घटना की मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने मामले का संज्ञान लिया और प्रयागराज के जिला अधिकारी को मामले में केस दर्ज कर जांच कराए जाने का निर्देश दिया है।

 
बिहार के कटिहार जिले में बीते कुछ दिनों से लापता 13 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ तो पुलिस ने पोस्टमार्टम कराना भी जरूरी नहीं समझा और शव को मौके पर ही छोड़कर रवाना हो गए। पुलिस ने जब अपने हाल पर छोड़ दिया तो मृतक के पिता शव को बोरे में भरकर पैदल ही निकल पड़े और थाने पहुंचे। दरअसल बीते 26 फरवरी को भागलपुर जिले के गोपालपुर थानाक्षेत्र करारी तीनटंगा के रहने वाले 13 वर्षीय हरिओम कुमार नाव से गिरकर गंगा में डूबने से लापता हो गया था। काफी खोजबीन करने के बाद भी शव बरामद नहीं होने पर हरिओम के पिता लेरू यादव ने घटना के संदर्भ में गोपालपुर थाना में सूचना भी दी थी। इसके कुछ दिनों बाद कुर्सेला थाना क्षेत्र के खेरिया घाट पर एक किशोर का शव बरामद हुआ। खेरिया में दूरदराज के सगे संबंधियों ने शव देखकर इसकी सूचना हरिओम को दी। पिता कुछ ग्रामीणों के साथ गोपालपुर थाने को सूचना देते हुए कुर्सेला के खेरिया घाट पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

लगातार छह दिनों तक पानी में रहने के कारण शव की स्थिति फूल कर पूरी तरह से कंकालनुमा हो गई थी। घटनास्थल पर कुर्सेला तथा गोपालपुर पुलिस पहुंची, परंतु अमानवीय व्यवहार करते हुए दोनों थाना की पुलिस बिना शव को अपने कब्जे में लिए वहां से निकल पड़ी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराना भी जरूरी नहीं समझा। एक तो बेटा खोने का गम और ऊपर से पुलिस के इस व्यवहार से आहत पिता ने करुण क्रंदन करते हुए किसी तरह से शव को एक बोरे में भरकर लगभग तीन किलो मीटर पैदल चले और कुर्सेला थाना पहुंचे। यहां से उन्होंने गाड़ी की और पोस्टमार्टम के लिए शव को गोपालपुर थाना लेकर गए। इस पूरे प्रकरण पर अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते रहे और किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की।

 

Source : Agency

पाठको की राय